एएमयू गर्ल्स स्कूल में शिक्षक मोहम्मद इम्तियाज आलम के निधन पर शोक सभा का आयोजन

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के गर्ल्स स्कूल में पीजीटी (सुन्नी थियोलॉजी) शिक्षक मोहम्मद इम्तियाज आलम के आकस्मिक निधन पर शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शोक सभा में प्रधानाचार्या, आमना मलिक, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा छात्राओं ने दिवंगत शिक्षक को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मोहम्मद इम्तियाज आलम वर्ष 2012 से गर्ल्स स्कूल में शिक्षण कार्य कर रहे थे। शिक्षण कार्य के साथ-साथ उन्होंने स्ववित्तपोषित कक्षाओं के समन्वयक तथा सहायक अनुशासन अधिकारी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियांनिभाईं। वे अपनी कर्मनिष्ठा, ईमानदारी, संस्थान के प्रति समर्पण तथा विद्यार्थियों के प्रति स्नेहपूर्ण व्यवहार व मृदभाषा के लिए जाने जाते थे।
प्रधानाचार्या, आमना मलिक ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन एएमयू गर्ल्स स्कूल परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने संस्थान के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान और समर्पित सेवाओं को याद किया।
उर्दू शिक्षक मोहम्मद आलम ने शोक संदेश पढ़ते हुए मोहम्मद इम्तियाज आलम की 14 वर्षों की समर्पित सेवाओं को याद किया। उन्होंने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, संवेदनशील और निस्वार्थ शिक्षक बताते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
एएमयू एबीके हाई स्कूल के सुन्नी थियोलॉजी शिक्षक शुएब अहमद नदवी भी शोक सभा में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत आत्मा की मगफिरत तथा शोकाकुल परिवार को धैर्य और हिम्मत प्रदान करने की दुआ की।
शोक सभा में दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतृप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना भी की गई। उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं ने मोहम्मद इम्तियाज आलम को एक स्नेही मार्गदर्शक, समर्पित शिक्षक और उत्कृष्ट इंसान के रूप में याद करते हुए उनके योगदान को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ स्मरण करने की बात कही।



