सतीश महाना के बयान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग
अलीगढ़, 19 जुलाई (मोहम्मद कामरान)। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के श्रीराम मंदिर के चढ़ावे को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में शहर में विरोध प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग उठाई।
रेलवे रोड से निकला विरोध मार्च विभिन्न मार्गों से होकर रामलीला मैदान पहुंचा, जहां आयोजित सभा में विवेक बंसल ने कहा कि सतीश महाना का बयान करोड़ों रामभक्तों की धार्मिक आस्था को आहत करने वाला और अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि विधानसभा अध्यक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों पर इस प्रकार की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे समाज में अनावश्यक विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न होती है।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




