नमो अध्ययन केन्द्र आयोजन के लिए क्षेत्रीय सम्मेलन हेतु एक लाख रुपये तथा राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन के लिए डेढ़ लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगा

उच्च शिक्षा में एआई के समावेश पर होंगे राज्य स्तरीय सम्मेलन, सेन्टर फॉर नमो स्ट्डीज ने उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों से मांगी रुचि अभिव्यक्ति

नई दिल्ली :  उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई) के प्रभावी एवं रणनीतिक उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ (नमो अध्ययन केन्द्र) ने उत्तर प्रदेश के राज्य के विश्वविद्यालयों से राज्य स्तरीय सम्मेलनों की मेजबानी के लिए रुचि अभिव्यक्ति (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) आमंत्रित की है। यह सम्मेलन “उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का रणनीतिक एकीकरण : अवसर, चुनौतियाँ एवं प्रभाव” विषय पर आयोजित किए जाएंगे।

सेन्टर फॉर नमो स्ट्डीज के संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रो जसीम मोहम्मद के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उच्च शिक्षा संस्थानों में एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। शिक्षण-अधिगम, अनुसंधान, नवाचार, प्रशासन एवं निर्णय प्रक्रिया में एआई की बढ़ती भूमिका को देखते हुए आवश्यक है कि विश्वविद्यालय इस तकनीक के प्रभावी, नैतिक और उत्तरदायी उपयोग पर गंभीर विमर्श करें। इसी उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

योजना के तहत उत्तर प्रदेश के उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम क्षेत्रों में अलग-अलग राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित होंगे। इसके बाद सभी सम्मेलनों के निष्कर्षों और सुझावों के आधार पर एक राष्ट्रीय स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इन आयोजनों में कुलपति, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, नीति-निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ और विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्राध्यापक भाग लेकर अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगे।

सेन्टर फॉर नमो स्ट्डीज के अध्यक्ष प्रो. जसीम मोहम्मद ने बताया कि, चयनित विश्वविद्यालयों को सम्मेलन आयोजन, व्यवस्थाओं के संचालन, प्रतिभागियों के समन्वय तथा सम्मेलन की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। आयोजन के लिए सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ प्रत्येक क्षेत्रीय सम्मेलन हेतु एक लाख रुपये तथा राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन के लिए डेढ़ लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगा।

प्रो दिव्या तंवर ने बताया कि, इच्छुक उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालय 30 जुलाई 2026 तक अपनी रुचि अभिव्यक्ति भेज सकते हैं। आवेदन में प्रस्तावित क्षेत्र, आयोजन की दो संभावित तिथियां, संस्थान की तैयारियों एवं अनुभव का विवरण तथा नोडल अधिकारी की जानकारी देना अनिवार्य होगा।

आवेदन directorcnms@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भेजे जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि मेजबान विश्वविद्यालयों का चयन संस्थागत क्षमता, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व तथा इस पहल के उद्देश्यों के अनुरूप योगदान के आधार पर किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button