अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में लॉ फैकल्टी के छात्रों का विरोध, प्रॉक्टर टीम पर धक्का-मुक्की का आरोप
अलीगढ़: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की लॉ फैकल्टी में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब छात्रों ने कम उपस्थिति (अटेंडेंस) के आधार पर परीक्षा में बैठने से रोके जाने के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
छात्रों का आरोप है कि उन्हें परीक्षा से वंचित किया जा रहा है, जबकि इससे पहले ऐसे मामलों में कई बार प्रशासन छात्रों को राहत दे चुका है।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब प्रॉक्टर टीम और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रॉक्टर टीम ने कार्रवाई के दौरान एक दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन के रवैये पर सवाल उठने लगे हैं।
छात्रों का कहना है कि यह कोई नया मामला नहीं है। पहले भी उपस्थिति के मुद्दे पर छात्रों को परीक्षा से रोका गया, लेकिन बाद में उन्हें अनुमति दे दी गई। ऐसे में इस बार सख्ती क्यों बरती जा रही है, यह समझ से परे है।
विरोध कर रहे छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई है। वहीं, प्रॉक्टर टीम के व्यवहार को लेकर भी व्यापक नाराजगी देखी जा रही है।
इस पूरे मामले पर छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष मोहम्मद नदीम अंसारी ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए लिखा कि जब छात्रों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जा सकती है, तो सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में प्रॉक्टर टीम के खिलाफ कार्रवाई कब होगी?

फिलहाल लॉ फैकल्टी परिसर में छात्रों का प्रदर्शन जारी है, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




