हरित सारथी अभियान के तहत एएमयू छात्रों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने पर्यावरण संरक्षण पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कियागया। यह अभियान उत्तर प्रदेश वन एवं वन्यजीव विभाग की पहल पर किया जा रहा है, जो एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत क्लाइमेट पर चर्चा, लखनऊ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए कार्यवाहक एनएसएस समन्वयक डॉ. अब्दुल जब्बार ने पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य वक्ता डॉ. नाहिद अकबरी तथा समाजसेवी मंसूर अहमद खान ने हरित आवरण बढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से फलों के मौसम में बीज एकत्र कर उन्हें उपयुक्त खुले स्थानों और सड़क किनारे बोने की अपील की, ताकि प्राकृतिक वनीकरण को बढ़ावा मिल सके।
मुहम्मद कैफ सिद्दीकी, हरित सारथी अभियान के समन्वयक, ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश में पर्यावरण जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने की इसकी अवधारणा परप्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को हरित सारथी क्विज तथा ऑनलाइन पर्यावरणीय संकल्प अभियान की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति की रक्षा और दैनिक जीवन में सतत् विकास संबंधी व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. फौजिया फरीदी ने किया।



