एएमयू में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन

 

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूरे उत्साह, देशभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों की समीक्षा कुलपति प्रो. नइमा खातून की अध्यक्षता में प्रशासनिक भवन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित बैठक में की गई।

कुलपति प्रो. नइमा खातून ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से इस राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखने तथा समारोह के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्य समारोह स्ट्रेची हॉल में आयोजित होगा, जहां प्रातः 9 बजकर 11 मिनट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान होगा तथा एनसीसी कैडेटों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर कुलपति समारोह को संबोधित करेंगी।

समारोह के बाद कुलपति विश्वविद्यालय की पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता के तहत सर सैयद हॉल (उत्तर और दक्षिण) मेंपौधरोपण करेंगी। इसके साथ ही वह विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र जाकर वहां भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम भी जानेंगी।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पॉलिटेक्निक सभागार में विशेष मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रमुख भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

बैठक को सहकुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान तथा कुलसचिव प्रो. आसिम जफर ने भी संबोधित किया। बैठक में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया और राष्ट्र की आजादी के इस पर्व को पूरी गरिमा, एकता और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button