मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर जेएन मेडिकल कालिज में ‘विमेन ऑफ विजडम’ कार्यक्रम आयोजित

अलीगढ़, मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा विभागाध्यक्ष प्रो. उज्मा इरम के मार्गदर्शन में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस 2026 के अवसर पर ‘विमेन ऑफ विजडम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मेडिसिन संकाय के डीन प्रो. मोहम्मद खालिद ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. युवराजसिंह (जेआर-2) ने किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जीवनी प्रस्तुति प्रतियोगिता में छह टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने डॉ. आनंदीबाई जोशी, डॉ. गिसेला पर्ल, डॉ. मुथुलक्ष्मी रेड्डी, आशा कार्यकर्ता लक्ष्मी मुर्मू, अनार्का, लूसी और बेट्सी तथा डॉ. रानी बंग जैसी उल्लेखनीय हस्तियों के जीवन और योगदान पर आधारित प्रस्तुतियाँ और रोल-प्ले प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों का केंद्र महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाएँ और सामाजिक जागरूकता रहा।
निर्णायक मंडल में फिजियोलॉजी विभाग की प्रो. संगीता सिंघल, फार्माकोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जमील अहमद और एनाटॉमी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. नेमा उस्मान शामिल थीं।
एमबीबीएस 2024 बैच की स्वाति सिंह, आलिया हुसैन और खालिदा जीनत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अनिकरूमन राही, फराह दीबा और फैजान अख्तर द्वितीय स्थान पर रहे। तीसरा स्थान शिफा फातिमा, वरिशा और सिमरा शोएब ने प्राप्त किया। बीडीएस 2024 बैच की फायजा नोमान और एमबीबीएस 2025 बैच की अरिशा तसनीम को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रतिभागियों और निर्णायकों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए, जबकि शैक्षणिक एवं छात्र गतिविधियों में सहयोग के लिए प्रो. मोहम्मद खालिद को स्मृति-चिह्न भेंट किया गया।
कार्यक्रम का समापन प्रो. उज्मा इरम द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



