अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एएमयू के विभिन्न विभागों एवं हालों में योग कार्यक्रम आयोजित

अलीगढ़, मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, एनसीसी इकाइयों एवं आवासीय हॉलों में ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ विषय के अंतर्गत 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग जागरूकता एवं अभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
यूनानी चिकित्सा संकाय के इल्मुल अमराज विभाग द्वारा योग विषयक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. अताउल्लाह फहद ने अध्यक्षीय संबोधन में योग को समग्र स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण बताया। मास्टर योग प्रशिक्षक शिवा पाठक एवं योग विशेषज्ञ सुहानी वाष्र्णेय ने योग के दर्शन और महत्व पर व्याख्यान देते हुए विभिन्न आसनों, मुद्राओं, मर्म बिंदुओं तथा कपालभाति सहित प्राणायाम तकनीकों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में गठिया, चिंता, अवसाद, तनाव एवं जीवनशैली संबंधी अन्य समस्याओं के प्रबंधन में योग की भूमिका पर संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। अंत में हास्यासन (लाफ्टर योग) का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
एएमयू की 1/8 एवं 2/8 एनसीसी कंपनियों ने विश्वविद्यालय परिसर में सामूहिक योग प्रदर्शन का आयोजन किया। कार्यक्रम का संचालन 8 यूपी बटालियन एनसीसी, अलीगढ़ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आभाष अवस्थी के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें दोनों एनसीसी कंपनियों तथा एसटीएस स्कूल के कैडेटों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास किया।
डॉ. बी.आर. अंबेडकर हॉल ने वन यूपी इंजीनियर कंपनी एनसीसी के सहयोग से योग सत्र आयोजित किया, जिसमें हॉल के छात्र, वार्डन, कर्मचारी और एनसीसी कैडेट शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न योगासन और श्वास अभ्यासों का प्रदर्शन किया गया। हॉल के प्रोवोस्ट डॉ. मोहम्मद तारिक, कार्यवाहक प्रोवोस्ट डॉ. जफर अहमद खान तथा एसोसिएट एनसीसी अधिकारी एवं वार्डन मोहम्मद इमरान ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया।
सर सैयद (जियाउद्दीन) हॉल में प्रोवोस्ट डॉ. इफ्तेखार अहमद अंसारी की देखरेख में योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनरल वार्डन डॉ. शहाब शब्बीर, कर्मचारी एवं छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।
बेगम अजीजुन निसा हॉल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सामूहिक योग प्रदर्शन एवं अभ्यास सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्रोवोस्ट प्रो. आसिया सुल्ताना ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। कार्यक्रम में योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। इसमें वार्डन, छात्राओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सरोजिनी नायडू हॉल में भी ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ विषय पर योग दिवस मनाया गया। प्रोवोस्ट प्रो. उरूस इलियास के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में योग के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला गया। शारीरिक शिक्षा विभाग की छात्रा एवं हॉल रेजीडेंट इकरा नाज ने विभिन्न योगासन, श्वास अभ्यास और ध्यान तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में छात्राओं और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रमों के माध्यम से योग के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, भावनात्मक मजबूती तथा स्वस्थ वृद्धावस्था में योगदान को रेखांकित किया गया और प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।



