जिला स्तरीय माटीकला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, युवाओं को स्वरोजगार अपनाने का आह्वान

लाभार्थियों ने साझा किए सफलता के अनुभव, सरकारी योजनाओं से जुड़ने पर दिया जोर

अलीगढ़, 30 जुलाई (मोहम्मद कामरान)। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की विपणन विकास सहायता एवं प्रचार-प्रसार योजना के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड धनीपुर के ग्राम सचिवालय पनैठी में जिला स्तरीय माटीकला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के राजस्व मंत्री की माताजी श्रीमती रजनी दिलेर एवं ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर श्रीमती रजनी दिलेर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं से जुड़कर युवा न केवल अपना रोजगार स्थापित कर रहे हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारंपरिक माटीकला उद्योग को आधुनिक बाजार से जोड़कर कारीगरों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि माटीकला बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कारीगरों एवं युवाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान और बेहतर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अजय वर्धन आचार्य ने स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं, खादी ग्रामोद्योग विभाग के लाभार्थी राहुल प्रजापति ने बताया कि उन्होंने पांच लाख रुपये का ऋण लेकर अपना माटीकला व्यवसाय शुरू किया और आज 10 से 15 युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।

कार्यक्रम में माटीकला उत्पादों में नवाचार, गुणवत्ता संवर्धन एवं आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा युवाओं को इस क्षेत्र में स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button