तुर्कमान गेट की बदहाल सड़क का निर्माण पूरा, मोहम्मद फैसल की पहल से लोगों को मिली राहत

अलीगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। अलीगढ़ शहर विधानसभा के वार्ड संख्या 39 स्थित तुर्कमान गेट क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर सड़क और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की खराब स्थिति के चलते ई-रिक्शा पलटने और बच्चों व राहगीरों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आ रही थीं।
क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर उपाध्यक्ष मोहम्मद फैसल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा और महापौर प्रशांत सिंघल से मुलाकात कर सड़क का निर्माण जल्द कराने की मांग की थी। इस दौरान वार्ड के पार्षद शेर सिंह सैनी भी लगातार इस समस्या को प्रशासन के समक्ष उठाते रहे।

मोहम्मद फैसल की लगातार पैरवी और प्रशासन की कार्रवाई के बाद तुर्कमान गेट की सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने नगर आयुक्त, महापौर, पार्षद शेर सिंह सैनी और मोहम्मद फैसल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का आखिरकार समाधान हो गया।

इस अवसर पर लोगों ने कहा कि मोहम्मद फैसल ने क्षेत्र की समस्या को गंभीरता से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने उठाया, जिसके परिणामस्वरूप सड़क निर्माण कार्य पूरा हो सका। सड़क निर्माण में कादिर खान, आतिफ अहद, फहद उर्फ अली, सलमान, रेहान, शानू अहद, साजिद, यूसुफ, आरिफ खान, फूल सहित अनेक स्थानीय लोगों का भी सहयोग रहा।


